ड्रोन अटैक : दूसरे विश्वयुद्ध के बाद मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला

Spread the love

एक-दूसरे की राजधानी को निशाना बनाने लगे रूस और यूक्रेन

मॉस्को : एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी रूस और यूक्रेन का युद्ध खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। यूक्रेन ने मंगलवार सुबह रूस की राजधानी मॉस्को पर ड्रोन अटैक किया है। इस हमले से  कई इमारतों को मामूली नुकसान पहुंचा है लेकिन कोई भी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि हमले में क्षतिग्रस्त हुईं दो इमारतों में रह रहे लोगों को बाहर निकाला गया है। हमले में दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि हमलावर ड्रोन कीव की ओर से भेजे गए थे। सभी ड्रोन को नष्ट कर दिया गया। रूसी सांसद मैक्सिम इवानोव ने कहा कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी हमलों के बाद से मॉस्को पर सबसे गंभीर हमला था। दूसरी ओर रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाकर मंगलवार तड़के हवाई हमले किए, वहीं यूक्रेन की हवाई रक्षा प्रणाली ने बड़ी संख्या में ड्रोन मार गिराए। पिछले 24 घंटे में कीव पर रूस ने तीसरी बार हमला किया। आसमान में रूसी ड्रोन और भीषण विस्फोट की आवाजें सुनाई देती रहीं। कीव सैन्य प्रशासन ने कहा कि होलोसीव जिले में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, तीन अन्य घायल हो गए। इमारत के दो ऊपरी तल नष्ट हो गए और मलबे के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका है। 20 से अधिक लोगों को वहां से बाहर निकाला गया। सैन्य प्रशासन के अनुसार, दार्नित्स्की जिले में एक निजी मकान का मलबा गिरने से आग लग गई और पेचेर्स्की जिले में तीन कारें जल गईं। यूक्रेन के चीफ ऑफ स्टाफ वलेरी जालुजनी ने कहा कि रूसी बलों ने कीव पर पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें दागीं। उन्होंने बताया कि इन सभी को मार गिराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *