नारियल के पेड़ पर चढ़ा तेंदुआ

Spread the love

– ऊपर गरुड़, नीचे कुत्तों ने घेरा

– 18 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

गोवा। उत्तरी गोवा के पोंडा इलाके में एक माद तेंदुआ नारियल के पेड़ पर चढ़ गया। उसे बचाने के लिए वन अधिकारियों के पसीने छूट गए। लगभग 18 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद किसी तरह तेंदुए को नीचे उतारने में सफलता मिली। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। वनविभाग के अधिकारियों के मुताबिक तेंदुआ शायद पानी पीने केे लिए आया होगा। इस बीच तेंदुए के पीछे कुत्ते पड़ गए। ऐसे में शायद घबराकर यह तेंदुआ नारियल के पेड़ पर चढ़ गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को बचाने की भरकस कोशिश की। तेंदुए को नीचे उतारने के लिए शोर मचाया गया। शोरगुल सुनकर लोगों की भीड़ लगने लगी। ऐसे में अधिकारियों को इलाके की घेराबंदी करनी पड़ी। ​

दिलचस्प बात है कि एक गरुड़ ने उसी पेड़ पर बने घोसले में अंडे दिए थे। तेंदुए को देख गरुड़ ने उस पर हमला कर दिया। उसने तेंदुए को काटने की कोशिश की। तेंदुआ परेशान हुआ और अधिकारियों को लगा कि शायद अब वह उतर आए। इधर पेड़ के नीचे चारों ओर आवारा कुत्ते मौजूद थे और लगातार भौंक रहे थे।

आखिरकार अधिकारियों ने अलग उपाय अपनाया। इसके लिए योजना बनाई गई और स्ट्रीट लाइट बंद कर दी गई। कुत्तों को भी भगा दिया गया। पेड़ के पास ही वन विभाग और रेंजर्स ने डेरा डाल दिया लेकिन वे खामोश रहे और धैर्य के साथ तेंदुए के नीचे उतरने का इंतजार करने लगे। आधी रात करीब 1.15 बजे तेंदुआ अपने आप नीचे उतरा और जंगल की तरफ दौड़ा। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *