TEAM ASN : बांग्लादेश में एक दुर्लभ सफेद भैंसा इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। सुनहरे बालों और अनोखे लुक की वजह से लोगों ने इस भैंसे को “डोनल्ड ट्रंप” नाम दे दिया। बकरीद पर इसकी कुर्बानी होने वाली थी, लेकिन वायरल होने के बाद सरकार ने हस्तक्षेप कर इसकी जान बचा ली। करीब 700 किलो वजनी इस अल्बिनो (सफेद) भैंसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। उसके माथे पर मौजूद सुनहरे बालों का गुच्छा अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump की हेयरस्टाइल जैसा दिखने लगा, जिसके बाद लोग उसे “डोनल्ड ट्रंप भैंसा” कहने लगे।
जानकारी के मुताबिक, भैंसे को बकरीद की कुर्बानी के लिए पहले ही बेच दिया गया था। लेकिन सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता और लोगों की भीड़ को देखते हुए बांग्लादेश प्रशासन ने अंतिम समय में उसकी कुर्बानी रुकवा दी। सरकार ने खरीदार को रकम वापस करवाई और भैंसे को सुरक्षित स्थान पर भेजने का फैसला लिया।
भैंसे के मालिक ने बताया कि यह बेहद शांत स्वभाव का है और इसकी खास देखभाल की जाती है। बांग्लादेश में इस तरह के अल्बिनो भैंसे बेहद दुर्लभ माने जाते हैं, इसलिए यह लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे “भाग्यशाली भैंसा” कह रहे हैं। कई यूजर्स ने सरकार के फैसले की सराहना की है।









