जन्मदिन पर काटा औरंगजेब की तस्वीर वाला केक
मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने आज बुधवार को अपना 55वां जन्मदिन अलग अंदाज में मनाया। राज ठाकरे ने अपने जन्मदिन पर औरंगजेब की तस्वीर वाला केक काटा। उन्होंने केक पर औरंगजेब की गर्दन वाली जगह पर ही चाकू चलाया।
मनसे कार्यकर्ताओं ने राज ठाकरे को उनके जन्मदिन पर तोहफे में केक दिया था, जिसके ऊपर मुगल बादशाह औरंगजेब की फोटो बनी थी। इसी केक को काटकर राज ठाकरे ने कार्यकर्ताओं के साथ जन्मदिन मनाया।
बता दें कि महाराष्ट्र में औरंगजेब की तस्वीर को लेकर कुछ दिन पहले बड़ा बवाल हुआ था। इसके बाद एमएनएस के कार्यकर्ताओं ने मुंबई में औरंगजेब का पुतला भी फूंका था।
औरंगजेब को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति पिछले कुछ दिनों से गर्म है। हाल ही में अहमदनगर में एक जुलूस के दौरान औरंगजेब की तस्वीर लहराने और कोल्हापुर में औरंगजेब व टीपू सुल्तान की तस्वीर को लहराने के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया था। कोल्हापुर में पुलिस को इंटरनेट बंद करना पड़ा था।