हिंदू पक्ष सबूत के तौर पर जज को दिखाएगा वायरल वीडियो
ASI काे सीढ़ियों के नीचे मिले 2 कलश !
वाराणसी। बनारस के सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक मुस्लिम शख्स मस्जिद के गुंबद पर चढ़ता नजर आ रहा है। हिंद पक्ष का कहना है कि यह सबूतों से छेड़खानी का मामला है। इस वीडियो को यह लोग जिला जज के सामने सबूत के तौर पर इसे दिखाएंगे। बता दें कि ज्ञानवापी परिसर के सर्वे का आज पांचवा दिन है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एएसआई ने वैज्ञानिक तरीके से सर्वे का काम शुरू किया है। सर्वे के पांचवे दिन एक वीडियो बड़ी तेजी से स्थानीय वॉट्सऐप ग्रुप में वायरल हुआ। यह वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है। हालांकि इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मुख्य गुंबद के ऊपर सीढ़ी लगाकर चढ़ा
39 सेकंड के इस वीडियो में ज्ञानवापी के मुख्य गुंबद के ऊपर सीढ़ी लगाकर सफेद-कुर्ते पजामे और टोपी में एक शख्स गुंबद के ऊपर चढ़ता हुआ दिखाई दिया। कुछ दूर चढ़ने के बाद वह शख्स नीचे उतर आता है। वीडियो के बैकग्राउंड में मंदिर में प्रवेश करने वाले दर्शनार्थियों के लिए दिशा-निर्देश दिए जाने की आवाज आ रही है।
इस वीडियो को सोमवार का बताकर वायरल किया जा रहा है। अब इस वीडियो को आधार बना कर हिंदू पक्षकार सबूतों के छेड़छाड़ की बात जिला जज से करने की तैयारी में है।
हिंदू पक्ष का दावा
बता दें कि ज्ञानवापी परिसर का सर्वे चल रहा है। आज इसका पांचवा दिन है हिंदू पक्ष का दावा है कि पश्चिमी दीवार की जांच से सच सामने आएगा। यह हिस्सा व्यास तहखाने से जुड़ा है। मां शृंगार गौरी मंदिर तक जाने और निकलने का रास्ता भी इसी तरफ से था। सर्वे में तमाम साक्ष्य मिलेंगे। इसीलिए पश्चिमी दीवार व उसके आसपास के क्षेत्र में सर्वे आगे बढ़ाया जा रहा है।
एएसआई टीम ने सोमवार को ज्ञानवापी परिसर में पश्चिमी दीवार का सर्वे किया। मिट्टी के नमूने भी लिए। इसके जरिये भवन निर्माण की अवधि, उम्र आदि की जानकारी हासिल की जाएगी।
आज एएसआई टीम ने ज्ञानवापी के गुंबदों पर चढ़कर सर्वे किया था। इस दौरान सीढ़ियों के नीचे 2 कलश मिलने का दावा किया जा रहा है।
एएसआई की टीम मंगलवार को ज्ञानवापी के गुंबदों पर चढ़कर सर्वे कर रही है,जिसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई है। सर्वे को लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।