Federation Cup 2024 : Neeraj Chopra ने 82.27 मीटर के साथ जीता स्वर्ण, मनु को रजत

Spread the love

भुवनेश्वर में चल रहे फेडरेशन कप के भाला फेंक स्पर्धा के नतीजे आ चुके हैं। भारत के स्टार एथलीट और टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने भी इसमें हिस्सा लिया और उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नीरज के अलावा किशोर जेना और डीपी मनु ने भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। नीरज और जेना पहले ही पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं और इसी वजह से सीधे फाइनल्स में उतरे थे। नीरज ने 82.27 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, डीपी मनु 82.06 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उत्तम पाटिल ने 78.39 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

Neeraj Chopra Federation Cup 2024 Live Updates: Javelin Throw Final Results Ranks, Kishore Jena, DP Manu

नहीं कर सके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
26 साल के नीरज इस टूर्नामेंट दोहा डायमंड लीग खेलकर आ रहे हैं। दोहा डायमंड लीग में वह दूसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने वहां 88.36 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था। वह चेक गणराज्य के जाकुब वादलेच से दो सेंटीमीटर से पिछड़ गए थे। जाकुब ने 88.38 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था। हालांकि, फेडरेशन कप में नीरज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और 82.27 मीटर का ही आंकड़ा छुआ। उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन 89.94 मीटर है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। हालांकि, वह कई बार बयान दे चुके हैं कि उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आना अभी बाकी है और आगामी फेडरेशन कप में नीरज 90 मीटर के आंकड़े को छूने की कोशिश करेंगे, लेकिन फेडरेशन कप में ऐसा नहीं हो सका।

फेडरेशन कप जेवलिन थ्रो के फाइनल में नीरज के अलावा किशोर जेना, डीपी मनु, रोहित कुमार, शिवपाल सिंह, प्रमोद, उत्तम बालासाहेब पाटिल, कुंवर अजयराज सिंह, मनजिंदर सिंह, बिबिन एंटोनी, विकास यादव और विवेक कुमार ने हिस्सा लिया। यह ओलंपिक क्वालिफिकेश का भी जरिया था। पेरिस ओलंपिक के भालाफेंक स्पर्धा में नीरज और जेना पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं। बाकी एथलीट्स को क्वालिफाई करने के लिए 85.50 मीटर का दायरा पार करना था। हालांकि, कोई ऐसा नहीं कर पाया।

Neeraj Chopra Federation Cup 2024 Live Updates: Javelin Throw Final Results Ranks, Kishore Jena, DP Manu


यह साफ दिखा कि नीरज चोपड़ा ने खुद पर बहुत अधिक दबाव नहीं दिया, क्योंकि वह चोट से लगातार जूझते रहे हैं और ओलंपिक से पहले खुद को फिट रखना चाहते हैं। उन्होंने केवल पांच दिन पहले डायमंड लीग कार्यक्रम में भाग लिया था। मनु ने कुछ बार 80 मीटर को पार किया, लेकिन जेना का इस साल भयानक प्रदर्शन जारी है। वह फेडरेशन कप में भी 76 मीटर का आंकड़ा नहीं पार कर पाए। ओलंपिक से पहले उन्हें काफी मेहनत करने की जरूरत है।

स्टेडियम में उमड़ी भीड़
नीरज को खेलता देखने के लिए स्टेडियम में काफी भीड़ उमड़ी थी। नीरज का चार थ्रो ही करना उनके लिए यादगार साबित हुआ। नीरज ने डीपी मनु पर 21 सेंटीमीटर की बढ़त के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वह चौथे प्रयास के बाद ही अपना सामान पैक करते दिखे थे। अब नीरज 28 मई को वापस से प्रतिस्पर्धा करते दिखेंगे। वह ओस्ट्रावा, चेकिया में टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। यह एक विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर गोल्ड लेवल इवेंट है।
यह पिछले तीन साल में पहला अवसर था, जब यह स्टार एथलीट घरेलू प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। नीरज ने इससे पहले पिछली बार घरेलू प्रतियोगिता में 17 मार्च 2021 को भाग लिया था और तब भी उन्होंने 87.80 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता था। किशोर जेना ने पिछले साल एशियाई खेलों में 87.54 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता था। हालांकि, 2024 में अब तक के नौ प्रयासों में उन्होंने अभी तक 80 मीटर भी पार नहीं किया है। ओलंपिक से ठीक कुछ महीने पहले, यह भारत के लिए निश्चित रूप से चिंता का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *