Victory Celebration : टीम इंडिया के विमान को वाटर कैनन सैल्यूट, मुंबई एयरपोर्ट पर विक्ट्री परेड
विश्व विजेता भारतीय टीम मुंबई पहुंच चुकी है। सिर्फ भारतीय खिलाड़ी को प्यार नहीं मिल रहा, बल्कि जिस फ्लाइट से टीम इंडिया के खिलाड़ी मुंबई पहुंचे, उसे मुंबई एयरपोर्ट पर वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया। इस खास जेस्चर के जरिये एयरपोर्ट अथॉरिटी ने चैंपियन भारतीय टीम के प्रति अपना सम्मान जताया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
भारतीय टीम जैसे ही मुंबई एयरपोर्ट से बाहर निकली, भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने की वजह से खिलाड़ियों को एयरपोर्ट से बाहर निकलने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। भारतीय टीम के साथ ही बीसीसीआई के पदाधिकारी भी मुंबई पहुंचे। बीसीसीआई के सचिव जय शाह और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला मुंबई एयरपोर्ट से निकले। एयरपोर्ट से निकली बस में जय शाह रोहित के बगल वाली सीट पर बैठे नजर आए।
भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ मुंबई एयरपोर्ट के बाहर आए और उन्होंने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। हार्दिक के हाथों में ट्रॉफी देखकर प्रशंसक काफी खुश हुए। हार्दिक ने फैंस की ओर ट्रॉफी लहराया। दरअसल, हार्दिक को अब से कुछ महीने पहले ही मुंबई में काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी। आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस का कप्तान बनकर आए हार्दिक को किसी ने पसंद नहीं किया था और वानखेड़े स्टेडियम में फैंस ने उनकी आलोचना की थी। अब जब वह विश्व कप ट्रॉफी लेकर बाहर आए तो फैंस ने उन्हें चीयर किया।
मरीन ड्राइव पर भारी भीड़ जमा थी। हजारों की संख्या में फैंस मरीन ड्राइव पर विजय जुलूस के लिए मौजूद रहे। भारतीय टीम यहीं से होते हुए वानखेड़े स्टेडियम पहुंची।
शाम करीब साढ़े सात बजे विक्ट्री परेड की शुरुआत हुई। भारतीय खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ नीले रंग की खुली बस में चढ़कर हजारों फैंस के सामने आए और विक्ट्री परेड की शुरुआत की। 2007 के बाद इस विक्ट्री परेड को देखकर भारतीय फैंस भावुक हो गए।
विक्ट्री परेड के दौरान विराट और रोहित ने साथ ट्रॉफी उठाई। इन दोनों ने फैंस को चीयर करने का मौका दिया। दोनों ही खिलाड़ियों ने टी20 अंतरराष्ट्रीय को अलविदा कह दिया है। ऐसे में फैंस इन दोनों को साथ ट्रॉफी उठाते देखने के लिए बेताब थे।