Rape and Murder in Kolkata : जूनियर महिला डॉक्टर की हत्या, हेडफोन के टूटे तार से गिरफ्त में आया दरिंदा

Spread the love

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार रूम में एक जूनियर महिला डॉक्टर की हत्या कर दी गई। सेमिनार हॉल से उनका अर्धनग्न शव बरामद किया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामला अब राजनीतिक रूप भी ले चुका है। 

बंगाल में पिछले दिनों हुई एक घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला जूनियर महिला डॉक्टर की हत्या से जुड़ा हुआ है। राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के सेमिनार रूम में शुक्रवार सुबह महिला डॉक्टर मृत मिलीं। पीड़िता के परिजन ने लड़की के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने की आशंका जताई है जिस पर पुलिस ने भी शिकायत दर्ज की है। 

उधर महिला डॉक्टर की निर्मम हत्या को लेकर पश्चिम बंगाल के तमाम मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों का विरोध शुरू हो चुका है। इसके अलावा राज्य के विपक्षी दल ने घटना को लेकर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा ने घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। इस बीच, राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में भेजने की घोषणा की है।

अस्पताल की घटना
आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ दरिंदगी की घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है। मृतक मेडिकल कॉलेज में चेस्ट मेडिसिन विभाग की स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की छात्रा और प्रशिक्षु डॉक्टर थीं। यह घटना कोलकाता शहर के लालबाजार में घटी है जो एक भीड़-भाड़ वाला इलाका है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जूनियर डॉक्टर गुरुवार को अस्पताल में रात की ड्यूटी कर रही थीं। रात 12 बजे के बाद उन्होंने दोस्तों के साथ डिनर भी किया। इसके बाद से महिला डॉक्टर का कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह उस वक्त मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया जब चौथी मंजिल के सेमिनार हॉल से अर्ध नग्न अवस्था में डॉक्टर का शव बरामद हुआ। घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया। पोस्टमॉर्टम की शुरुआती रिपोर्ट से पता चला है कि महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। जूनियर महिला डॉक्टर का शव गद्दे पर पड़ा हुआ था और गद्दे पर खून के धब्बे मिले। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि मृतक महिला डॉक्टर के मुंह और दोनों आंखों पर था। गुप्तांगों पर खून के निशान और चेहरे पर नाखून के निशान पाए गए। होठ, गर्दन, पेट, बाएं टखने और दाहिने हाथ की उंगली पर चोट के निशान थे। 
महिला डॉक्टर की हत्या की जानकारी होने के बाद शुक्रवार सुबह अस्पताल प्रबंधन ने पीड़िता के परिजन को फोन किया। जब पीड़िता का परिवार घटनास्थल पर पहुंचा तो हैरान था। मृतक डॉक्टर की मां ने कहा, ‘मेरी बेटी की हत्या कर दी गई। मेरी बेटी अर्धनग्न पड़ी थी। शीशे टूटे हुए थे। उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। अंदर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था सब कुछ अस्त-व्यस्त था।’

वहीं महिला डॉक्टर के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी हत्या कर की गई। पीड़िता के पिता ने शुक्रवार को स्थानीय तला पुलिस स्टेशन में दुष्कर्म और हत्या की शिकायत की जिसपर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
मामले की जानकारी होने के बाद ही लालबाजार के बड़े अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। होमिसाइड शाखा के अलावा, महिला शिकायत प्रकोष्ठ के सदस्य भी थे। घटना की जांच के लिए कोलकाता पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) भी गठित कर दी गई।

चूंकि जिस सेमिनार कक्ष में यह घटना हुई थी, वहां कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं था, इसलिए पुलिस ने आसपास से जानकारी जुटाना शुरू कर दिया। पुलिस ने यह जानने की कोशिश शुरू कर दी कि जब डॉक्टर इस कमरे में आई थीं तो उस वक्त वहां कौन था। इस कड़ी में कई लोगों से पूछताछ की गई। एसआईटी ने शुक्रवार रात को अस्पताल में तैनात एक सिविक वालंटियर (जो प्रशासन की सहायता करता है) को पूछताछ के लिए उठा लिया। 

शनिवार सुबह महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के आरोप में संजय रॉय नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार भी कर लिया गया। एक अज्ञात पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की गतिविधियां काफी संदिग्ध हैं और ऐसा लगता है कि वह सीधे तौर पर अपराध में शामिल है।

हेडफोन के टूटे तार से पकड़ा गया
इससे पहले जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल में सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए थे। उस वक्त रात करीब 2.30 बजे आरोपी को कॉरिडोर में टहलते हुए देखा गया था। संजय के शुरुआती बयान में विरोधाभास पाया गया था। पूछताछ के दौरान, आरोपी ने पहले कहा कि वह उन मरीजों के बारे में पूछताछ करने गया था जिन्हें उसने भर्ती कराया था। लेकिन जब पुलिस ने मरीजों से पूछताछ की तो पता चला कि संजय पिछले तीन दिनों से उनके पास नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। रिपोर्ट्स के अनुसार, संजय रॉय को रात ढाई बजे से तीन बजे के बीच दूसरी और तीसरी मंजिल के कॉरिडोर के सीसीटीवी में देखा गया था। चेस्ट सेक्शन के पास लगे सीसीटीवी में भी वह दिख रहा है। वहां किसी और के घूमने की कोई तस्वीर नहीं थी। सीसीटीवी तस्वीरें नर्सों और अन्य अस्पताल कर्मचारियों को दिखाई गईं। नर्सों और अन्य स्टाफ ने बताया कि यह व्यक्ति मरीजों को भर्ती करने के लिए अस्पताल आता है। 

पुलिस के हाथ टूटे हुए ब्लूटूथ हेडफोन का तार लगा। पुलिस ने सीसीटीवी में देखा कि जब संजय आरजी कर अस्पताल में दाखिल हुआ तो ब्लूटूथ हेडफोन उसके गले में था। लेकिन जब वह अस्पताल से बाहर निकला तो हेडफोन उसकी गर्दन पर नहीं था। ब्लूटूथ हेडफोन का एक टूटा हुआ तार चौथी मंजिल के सेमिनार कक्ष में गिर गया। जांच करने पर पता चला कि यह सिविक वालंटियर संजय रॉय का था।
इस हत्याकांड को लेकर पूरे कोलकाता और पश्चिम बंगाल में गुस्सा है। कोलकाता में डॉक्टर और नर्सें सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पीजीटी डॉक्टरों ने अस्पताल परिसर में मार्च किया। उन्होंने आज हड़ताल बुलाई। प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का दावा है कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार करके घटना को छिपाने की कोशिश की जा रही है। विरोध कर रहे डॉक्टरों ने कहा ऐसा आज किसी के साथ हुआ। कल उनके साथ भी ऐसा हो सकता है।

उधर, चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज , कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल से भी विरोध की खबरें आई हैं। फेडरेशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। इस पत्र में सरकार को कोलकाता के आरजी कार मेडिकल कॉलेज हत्याकांड को लेकर चेतावनी दी गई है। इसमें कहा गया है कि अगर अगले 24 घंटे में कार्रवाई नहीं की गई तो वे सेवाएं बंद कर देंगे। उधर, विपक्ष के विरोध के बीच राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम ममता बनर्जी ने कहा है कि वह इस मामले में दोषी के लिए ऐसी सजा चाहती हैं, जो मिसाल बने। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक  कोर्ट में करवाई जाएगी। सरकार का प्रयास होगा कि  दोषी को मौत की सजा मिले। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *