संदुक बना ताबूत : 6 और 8 साल के दो भाई-बहनों की दर्दनाक मौत

Spread the love

दिल्ली में संदूक के अंदर भाई-बहन की लाश : दुर्घटना या हत्या

खाना खाकर खेल रहे बच्चे अचानक से गुम होते और फिर लकड़ी की संदूक में उनकी लाश मिलती है।

नई दिल्ली: कल रात दिल्ली से आई एक खबर ने हिलाकर रख दिया है। जामिया नगर के बटला हाउस इलाके में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई चौंक जाएगा। दिल्ली के बटला हाउस इलाके में घर में रखे एक संदूक के अंदर दो छोटे भाई-बहन के शव मिले हैं। इस घटना ने हर माता-पिता को सन्न कर दिया है। दोनों बच्चे मंगलवार को खाना खाने के बाद अचानक से गुम हो गए थे। जिस संदूक में इन बच्चों के शव मिले हैं, वो इतना छोटा था कि उसके अंदर बच्चों का समाना मुश्किल था। इस दर्दनाक खबर से सभी परेशान हैं।

जिस बिल्डिंग में दोनों बच्चों के शव मिले हैं, वहीं उनके पिता चौकीदारी का काम करता है। इस घटना के बाद जामिया नगर की पुलिस तफ्तीश में जुटी हुई है। हालांकि, बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे खाना खाकर खेलने के दौरान संदूक में बंद हो गए। हालांकि, पुलिस इस मामले का हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। पुलिस पता लगा रही है कि जिस स्थान पर संदूक में बच्चों के शव मिले, वहां आसपास कोई सीसीटीवी है या नहीं।

भाई-बहन की दर्दनाक मौत

इस मामले में साउथ-ईस्ट दिल्ली के डीसीपी राजेश देव ने बताया कि क्राइम टीम ने इस बात को कन्फर्म किया है कि दोनों बच्चों के शव पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं हैं। शक है कि बच्चे खेलते हुए पुराने संदूक में गिर गए या उसमें गलती से चले गए। इसके बाद संदूक बंद हो गया और वह उनसे खुल नहीं पाया। पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चों में आठ साल का नीरज और छह साल की उसकी छोटी बहन आरती हैं। इनके पिता बलबीर हैं, जो यहां एफ-2 जोगाबाई एक्सटेंशन घर में चौकीदारी का काम करते हैं। यह परिवार मूलरूप से नेपाल का रहने वाला है। यहां बलबीर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। स्थानीय लोगों ने यह भी जानकारी दी है कि बलबीर की इन दोनों बच्चों के अलावा चार और बेटियां हैं।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे दोनों भाई बहन ने अपने माता-पिता के साथ खाना खाया था। इसके बाद करीब 3:30 बजे दोनों बच्चे संदिग्ध हालात में कहीं गुम हो गए। शुरू में लगा कि वे कहीं आसपास ही खेल रहे होंगे। लेकिन जब काफी देर तक भी बच्चे कहीं नहीं मिले तो बच्चों के माता-पिता और अन्य लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की। बच्चे शाम 5 बजे के बाद संदूक में मृत हालत में मिले। इसके बाद पुलिस कॉल की गई। मौके पर पुलिस और क्राइम टीम पहुंची। हालात देखकर पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह मामला दुर्घटनावश हुई मौत का लग रहा है। लेकिन मौतों की असल वजह इनके शवों के पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता लगेगी। रिपोर्ट आने पर पता चल सकता है कि यह हादसा है या फिर डबल मर्डर। लोगों ने बताया कि जिस जगह बच्चों के शव मिले, वहां मुगल आर्ट से संबंधित कुछ काम भी होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *