Shubh के अशुभ कारनामे : पंजाबी सिंगर शुभ के पोस्‍टर्स पर मुंबई में पोती गई कालिख

Spread the love

शुभ के इंस्‍टाग्राम पोस्‍ट पर मचा है बवाल, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, केएल राहुल ने किया अनफॉलो. खालिस्तान को कथित समर्थन, शुभ ने इंस्टाग्राम पर भारत का एक विकृत नक्शा शेयर किया. पंजाबी सिंगर शुभ के नाम पर बवाल मचा हुआ है। कनाडा में रहने वाले शुभ मुंंबई में कॉन्‍सर्ट करने वाले हैं, जबकि उनका भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा विरोध कर रही है। मुंबई में भाजयुमो ने शुभ के पोस्‍टर्स पर कालिख भी पोती है।

  • पंजाबी सिंगर शुभ के मुंबई कॉन्‍सर्ट पर मचा है बवाल, फाड़े गए पोस्‍टर्स, विरोध में पोती कालिख
  • ‘वी रोलिन’ गाने से 2 साल पहले शुभ ने शुरू किया था करियर, बिलबोर्ड चार्ट में बना चुके हैं जगह
  • शुभ के इंस्‍टाग्राम पोस्‍ट पर मचा है बवाल, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या, केएल राहुल ने किया अनफॉलो

कनाडा के रहने वाले पंजाबी सिंगर शुभ के नाम पर शोर मचा हुआ है। अपने गानों में ‘गन, गैंग, कार और जट लाइफ’ का गुणगान करने शुभ का मुंबई कॉन्‍सर्ट विवादों में है। उनको भयंकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि शो के स्‍पॉन्‍सर ‘बोट इंडिया’ ने भी अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं।

खालिस्तानी तत्वों का समर्थन

भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के कई सदस्यों ने आरोप लगाया है कि शुभ अलगाववादी खालिस्तानी तत्वों का समर्थन करते हैं। जिस कारण अब फैंस से लेकर शो के स्‍पॉन्‍सर तक उनसे नाराज हैं।

शुभ का असली नाम शुभनीत सिंह है। उनका सिंग‍िंग करियर दो साल पुराना है। जबकि महज 24 महीनों में उनके सिंगल्‍स ने यूके एशियन और यूके पंजाबी चार्ट के साथ-साथ बिलबोर्ड कैनेडियन हॉट-100 पर जगह बनाई है। साल 2021 में शुभ ने अपना पहला गाना ‘वी रोलिन’ रिलीज किया था, जिसे यूट्यूब पर 206 मिलियन से अध‍िक व्‍यूज मिल चुके हैं। हाल ही शुभ ने अपने वर्ल्‍ड टूर की घोषणा की, जिसकी शुरुआत भारत से होने वाली है। इसके बाद वह ब्रिटेन, यूएई, ऑस्‍ट्रेलिया, न्‍यूजीलैंड और अमेरिका भी जाएंगे। लेकिन अफसोस कि इस टूर की शुरुआत होने से पहले ही यह आलोचनाओं का श‍िकार हो गई है।

शुभ के पोस्‍टर फाड़े, पोती गई कालिख

दरअसल, शुभ ने इंस्टाग्राम पर भारत का एक विकृत नक्शा शेयर किया। यह नक्‍शा, खालिस्तान को उनका कथित समर्थन दिखाता है। इसके बाद से ही देश के कई समूहों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बुधवार को बीजेपी यूथ विंग ने मुंबई में वेस्टर्न एक्सप्रेसवे पर पंजाबी स‍िंगर के पोस्टर पर कालिख पोत दी और उन्हें फाड़ दिया। अब शुभ के कॉन्‍सर्ट को रद्द करने की मांग की गई है। इस बाबत मुंबई पुलिस को एक चिट्ठी लिखी गई है।

shubh

शुभ, कॉर्डेलिया क्रूज पर 23-25 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘क्रूज कंट्रोल 4.0’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले हैं। इसके अलावा, वह भारत में तीन महीने तक अलग-अलग शोज करेंगे। इसके तहत वह नई दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित कई अन्य शहरों में म्‍यूजिक कॉन्‍सर्ट करने वाले हैं।

अमृतपाल सिंह की तलाश के वक्‍त शेयर किया था पोस्‍ट

भाजयुमो (BJYM) के सदस्यों का आरोप है कि शुभ, अलगाववादी खालिस्तानी तत्वों का समर्थन करते हैं। शुभ ने सोशल मीडिया पर भारत का जो नक्‍शा शेयर किया, उसमें पंजाब, जम्मू और कश्मीर को छोड़कर विकृत नक्शा दिखाया गया है। ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वायरल पोस्ट शुभ ने तब शेयर किया था, जब पंजाब पुलिस भगोड़े अमृतपाल सिंह की तलाश कर रही थी।

punjabi-singh-shubh

भाजयुमो ने दी चेतावनी

भाजयुमो अध्यक्ष तजिंदर सिंह तिवाना कहते हैं, ‘हमारे यहां खालिस्तानियों के लिए कोई जगह नहीं है। ये लोग भारत की अखंडता और एकता के दुश्मन हैं। हम कनाडाई सिंगर शुभ को छत्रपति शिवाजी महाराज की पवित्र भूमि, मुंबई में प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं देंगे। यदि कोई उचित कार्रवाई नहीं होती है तो आयोजकों को हमारे विरोध का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *