आज काला दिवस मना रही BJP, कल पूरे बिहार में प्रदर्शन; कहा- गुंडों ने हमारे कार्यकर्ता की जान ले ली
BJP कार्यकर्ता विजय सिंह की निर्मम-निर्लज्ज हत्या का हिसाब बिहार की जनता लेगी। बिहार को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है और आज इसी पवित्र धरती पर नीतीश कुमार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी। नीतीश कुमार जी ममता दीदी की राह पर चल पड़े हैं, लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बर हमले से हुई मौत के लिए सीधे तौर पर नीतीश कुमार जिम्मेदार हैं।
बिहार भाजपा आज काला दिवस मना रही है। जहानाबाद के जिला महामंत्री विजय सिंह की मौत के बाद भाजपा नेताओं में आक्रोश है। प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता की हत्या की गई है। इसलिए हमलोग शुक्रवार को काला दिवस मना रहे हैं। साथ ही शनिवार को बिहार में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
BJP के प्रतिनिधि दोपहर साढ़े 3 बजे राजभवन जाएंगे। वहां राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगे। सम्राट चौधरी ने कहा कि अभी पोस्टमार्टम कहां हुआ है, जब होगा तब पता चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता की नीतीश कुमार ने हत्या की है। पार्टी इसकी निंदा करती है।
जब से नीतीश कुमार ममता दीदी के संरक्षण में आए हैं, तब से ये हो रहा है। गुरुवार को जो भी हुआ वह जंगलराज रिटर्न था। जंगलराज की उत्पत्ति लालू यादव ने की थी, आज नीतीश कुमार और तेजस्वी ने जंगलराज रिटर्न किया है।
क्या था मामला ?
Patna में टीचर अभ्यर्थियों के समर्थन और तेजस्वी यादव को बर्खास्त करने की मांग को लेकर बीजेपी ने विधानसभा पर मोर्चा निकाला था। जिसे रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया । लाठीचार्ज में घायल एक बीजेपी कार्यकर्ता की मौत होने की खबर है। बताया जा रहा है कि लाठीचार्ज में घायल बीजेपी नेता गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायल नेता को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान विजय कुमार सिंह की मौत हो गई। बताया जाता है कि पुलिस की लाठीचार्ज में अनेक भाजपा कार्यकर्ता भी घायल हुए।
Patna में पुलिस ने डाक बंगला चौराहे पर बीजेपी नेताओं-कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की कार्रवाई की । लाठीचार्ज के दौरान बीजेपी सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और बिहार के नेता विपक्ष विजय कुमार सिन्हा के ऊपर भी लाठी बरसाई गई। जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को गंभीर चोटें आई है। बताया जा रहा है कि सिग्रीवाल के सिर में चोट आई है।