Bihar Weather : शीतलहर से कांप रहा बिहार, 18 जनवरी तक आफत और बढ़ेगी

Spread the love

मौसम की हालत के कारण दिन में भी लोग सड़क पर कम दिख रहे हैं। शीतलहरी का असर घर के अंदर तक महसूस हो रहा है। आठवीं तक के स्कूल ज्यादातर जिलों में बंद हैं। पूर्वानुमान में 18 जनवरी तक सावधान रहने कहा गया है, क्योंकि बारिश भी आने वाली है।

बिहार में आठवीं तक के स्कूल ज्यादातर जिलों में बंद हैं। बिहार के अधिकांश जिलों के जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार कहीं 16 जनवरी तो कहीं 17 जनवरी तक शहर के सारे स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बिहार में आगामी 18 जनवरी तक ठंड में किसी तरह की कोई तब्दीली नहीं होने का पूर्वानुमान बताया है। लोगों को इस कड़ाके की ठंड और शीत लहरी से सावधान रहने का भी सुझाव दिया है। 17 एवं 18 जनवरी को बिहार के कई जिलों में बारिश के आसार बताए गए हैं, जिससे ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने 18 जनवरी तक कोल्ड डे के लिए लोगों से सावधान रहने का सुझाव दिया है।

पूर्वानुमान 
मौसम विभाग का यह मानना है कि हिमालय के पश्चिमी हिस्से से आ रही सर्द पछुआ हवा का प्रभाव पूरे बिहार पर पड़ रहा है। इससे ठंड और बढ़ती जा रही है। यह स्थिति आने वाले 18 जनवरी तक बने रहने की बात बताई जा रही है। मौसम विभाग ने 17 जनवरी को राजधानी पटना, गया समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में बारिश का भी पूर्वानुमान बताया है। पटना के अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राज्य के दक्षिणी और उत्तरी भागों के कई जिलों में शीतलहर के आसार हैं साथ ही घने कोहरा और कनकनी का कहर जारी है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने जारी किया यलो अलर्ट 
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले तीन दिन में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण बिहार के अन्य जिलों में मध्यम, जबकि अररिया, पूर्णिया और इससे सटे जिलों में घना कुहासा छाया रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो 14 और 15 जनवरी को पटना, गया समेत एक-दो जिलों में शीतलहर के आसार हैं। वहीं 14 और 15 जनवरी को उत्तरी भागों के एक-दो स्थान पर कोल्ड डे रहने की संभावना है। दो दिनों तक शीतलहर और शीत दिवस को लेकर पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने यलो अलर्ट जारी किया है।

कैसा है मौसम 
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में मौसम का मिजाज में विशेष बदलाव का अनुमान नहीं है। कोहरा, कनकनी और सर्द पछुआ चलेगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 16 जनवरी से मौसम और बिगड़ सकता है। कोल्ड डे पटना, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली एवं गोपालगंज में दर्ज किया गया। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस फारबिसगंज में एवं सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस बांका में दर्ज किया गया। बिहार राज्य का औसत अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस एवं औसत न्यूनतम तापमान 8.02 डिग्री सेल्सियस रहा। घना कुहासा पटना, गया पूर्णिया आदि शहरों में जबकि राज्य के अधिकांश भागों में मध्यम स्तर का कुहासा सुबह के समय छाये रहेगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *