Heat Stroke/ Temp.50+ : अबकी बार 50 पार, गर्मी का तांडव, डरा रहा मौत का आंकड़ा
भीषण गर्मी से लोगों की तबीयत खराब हो रही है। लोग जान तक गंवा रहे हैं। यूपी में गर्मी से मरने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। सोमवार को हमीरपुर में रोडवेज बस चालक की मौत हो गई, तो वहीं लखनऊ में तीन लोगों की जान चली गई।
नौतपा चल रहा है। आसमान से आग बरस रही है। उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू की वजह से त्राहिमाम-त्राहिमाम मचा हुआ है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान 44℃ के पार पहुंच चुका है। मंगलवार को झांसी सबसे गर्म शहर रहा है। इसी बीच भीषण गर्मी की वजह से लोगों की मौत की खबरें आ रही हैं। इसके साथ ही कई जिलों में भीषण लू का भी अलर्ट जारी है। गर्मी से अब तक यूपी में करीब 20 लोगों की मौत हो चुकी हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक, यूपी में भीषण गर्मी की वजह से हमीरपुर में रोडवेज बस चालक की जान जा चुकी है। तीन चित्रकूट, दो महोबा और हमीरपुर और औरैया में एक-एक लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को राजधानी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में तीन लोगों की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि तीनों लोगों की मौत भीषण गर्मी में तबीयत बिगड़ने के बाद हुई है। इसमें राम सिंह की ऑटो चलाते समय मौत हो गई, जबकि 50 वर्षीय चंद्र मोहन गुप्ता गार्ड की ड्यूटी करते काल के गाल में समा गए। इसके अलावा राम प्रसाद की ठेला चलाते समय उनकी मौत हो गई थी।
फिरोजाबाद में महिला यात्री की मौत के साथ ही अन्य कई यात्रियों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिल रही है, जबकि इटावा में भी भीषण गर्मी का कहर जारी है। इटावा में 45℃ तापमान दर्ज किया गया है। जिसके कारण इटावा में चार लोगों की मौत होने की खबर है। सोमवार को हमीरपुर में खेत में करते समय तबीयत बिगड़ने के बाद 58 वर्षीय रामचरण की मौत हो गई थी। नवाबगंज कोतवाली क्षेत्र में भी 55 वर्षीय मोहनलाल की मौत हो गई है।
जिलों का तापमान
जिला | तापमान |
लखनऊ | 43.7℃ |
कानपुर | 47.6℃ |
वाराणसी बीएचयू | 47.2℃ |
झांसी | 49.0℃ |
बुलंदशहर | 46.0℃ |
आगरा ताज | 48.6℃ |
इटावा | 45.0℃ |
हमीरपुर | 48.2℃ |
सुल्तानपुर | 42.0℃ |
अयोध्या | 44.2℃ |
राजस्थान में गर्मी अब तक के अपने सारे पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ती जा रही है। चूरू में अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जयपुर में हीट वेव से एक छात्र की मौत हो गई। वहीं बूंदी में भीषण गर्मी के चलते मोर की मौत की दस राष्ट्रीय पक्षियों की मौत हो गई।
राजस्थान में मंगलवार को गर्मी ने नए रिकॉर्ड बना दिए। चूरू में अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, पिलानी में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 49 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले 2 मई 1999 को पिलानी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री रहा था। राजस्थान में मंगलवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। चूरू में अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री पहुंच गया। हालांकि चूरू में 2019 में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 50.8 डिग्री दर्ज किया जा चुका है। पिलानी में पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 49 डिग्री जा पहुंचा। वहीं राजधानी जयपुर में भी इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। जयपुर में आज अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री रहा। जयपुर में हीटवेव की चपेट में आए एक छात्र की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक 22 साल के युवक जयपुर में एग्जाम देने आया था। एग्जाम देकर कॉलेज से बाहर निकलते वक्त बेहोश हो गया। इसके बाद जयपुरिया हॉस्पिटल के डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर का कहना है कि प्रथम दृष्टया गर्मी से तबीयत खराब होना लगती है।
बूंदी में भीषण गर्मी का सितम, रामगढ़ अभयारण्य में हीट स्ट्रोक से 10 मोरों की मौत
राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। आम लोगों के साथ-साथ अब जंगली जानवरों पर भी गर्मी कहर ढहाने लगी है। बूंदी के रामगढ़ अभयारण्य में हीट स्ट्रोक के चलते 10 राष्ट्रीय पक्षी मोरों की मौत हो गई। मोर की मौत के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने डॉक्टरों की मौजूदगी में मोर का पोस्टमार्टम करवाया। डॉक्टरों ने भीषण गर्मी के चलते मोर की मौत की पुष्टि की है। पोस्टमार्टम के बाद मोरों के शव को दफना दिया गया। मोरों में 5 नर 5 मादा शामिल हैं, जिनकी मौत हुई है। ये मोर सभी अलग-अलग इलाकों में मृत पाए गए। मामला बूंदी जिले के इंद्रगढ़ रेंज के महुआ देवा जी क्षेत्र का है। उधर, वन विभाग के डीएफओ संजीव शर्मा का कहना है कि रामगढ़ अभयारण्य में पानी की कोई कमी नहीं है। भीषण गर्मी के चलते मोर की मौत हुई है। हमारी कोशिश है कि जितने भी पानी की स्रोत है उन्हें समय पर भरा जा रहा है, ताकि कोई भी वन्य जीव पानी की तलाश में आबादी इलाके में नहीं पहुंचे। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए वह विभाग ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। गौरतलब है की जिस इलाके में मोरों की मौत हुई है, उसी इलाके के 15 दिन पूर्व एक भालू भी पानी की तलाश में भटकता हुआ आबादी में आ गया था। यहां यह भी बताते चले कि अब तक बूंदी जिले में चार लोगों की गर्मी की चपेट में आने से मौत भी हो चुकी है। गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन लगातार अलर्ट मोड पर है। बूंदी रामगढ़ अभयारण्य के डीएफओ संजीव शर्मा ने बताया कि बूंदी रामगढ़ अभ्यारण में गर्मी को देखते हुए पानी की माकूल को व्यवस्था की गई है। हमें पहले से ही जानकारी थी कि आने वाले समय में भीषण गर्मी का दौरा होगा, पानी की भी कमी होगी। उसको देखते हुए हमने पहले ही पानी के स्रोतों को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया था। जैसे ही गर्मी आई तो हम लगातार टीम बनाकर इन पानी के स्तोत्र को भरवा रहे हैं। अभी तक कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है ना ही कोई पानी के चलते आबादी क्षेत्र में कोई जंगली जानवर का मूवमेंट देखा गया है। 10 मोरों की मौत के मामले में डीएफओ शर्मा ने कहा कि वह हमारे रामगढ़ क्षेत्र से सीमावर्ती क्षेत्र था। जहां पर 10 मोरों की मौत हुई है फिर भी हमने पोस्टमार्टम करवाया है। पानी से उनकी मौत नहीं हुई है उनकी मौत भीषण गर्मी के कारण हुई है। सभी मोर अलग-अलग स्थान पर मिले हैं।