Niraj Chopra ने रचा इतिहास, भारत को World Athletics Championship में Gold दिलाने वाले पहले खिलाड़ी बने

Spread the love

नीरज चोपड़ा ने गोल्ड जीत इतिहास रच दिया

हंगरी में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड जीत इतिहास रच दिया। इसी के साथ स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के नेशनल एथलेटिक्स सेंटर में नीरज ने जेवलिन थ्रो इवेंट में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। नीरज ने दूसरे राउंड में ही 88.17 मीटर का थ्रो कर दिया ।

इसके बाद से ही वह अंक तालिका में लीड बनाए हुए थे और अंत तक यह लीड कायम रहा। नीरज के छह अटेम्प्ट कुछ इस तरह रहे। फाउल, 88.17 मीटर, 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर। वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। तीसरा स्थान यानी कांस्य पदक चेक रिपब्लिक के जाकुब वेदलेच ने 86.67 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ अपने नाम किया। 

नीरज के साथ फाइनल में भारत के दो अन्य खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना भी थे। किशोर 84.77 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर और डीपी मनु 84.14 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे। नीरज ने शुक्रवार को क्वालिफाइंग दौर में अपने पहले ही प्रयास में 88.77 मीटर भाला फेंककर फाइनल में प्रवेश कर लिया था।

वह इस प्रदर्शन के साथ अगले साल पेरिस में होने वाले ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई करने में सफल रहे।  बता दें कि नीरज ने पिछली बार विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। 25 साल के भारतीय स्टार एथलीट ने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। वह 2018 में एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। उन्होंने पिछले साल डायमंड लीग भी जीता था।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी  बधाई

पीएम मोदी ने नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर लिखा कि, ‘प्रतिभाशाली नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता का उदाहरण हैं। उनका समर्पण, सटीकता और जुनून उन्हें न केवल एथलेटिक्स में चैंपियन बनाता है बल्कि पूरे खेल जगत में अद्वितीय उत्कृष्टता का प्रतीक बनाता है। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने के लिए उन्हें बधाई।’ नीरज चोपड़ा की इस एटिहासिक जीत पर सोशल मीडिया के द्वारा उन्हें खूब बधाइयां मिल रही हैं।

भारतीय सेना ने ‘एक्स’ पर लिखा कि, ‘नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर हमें गर्व कराया। भारतीय सेना बुडापेस्ट में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में भाला फेंक में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीतने वाले सूबेदार नीरज चोपड़ा को बधाई देती है।’  

वहीं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए लिखा कि, “नीरज चोपड़ा ने फिर कर दिखा। भारतीय एथलेटिक्स के गोल्डन बॉय ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता जीती। इसी के साथ नीरज चोपड़ा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। पूरे देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है और यह क्षण भारतीय खेल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।”

नीरज चोपड़ा के बुलाते ही झंडा भूल दौड़ पड़े अरशद नदीम, तिरंगे के साथ दिए पोज

जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा जीत के बाद  पोडियम पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान के बाद जश्न में डूबे हुए थे। इस बीच उन्होंने कट्टर विरोधी और अक्सर हर मंच पर दुश्मनी निभाने वाले पाकिस्तान के सिल्वर मेडलिस्ट खिलाड़ी अरशद नदीम को पोज के लिए बुलाया तो वह भी दौड़ पड़े। मानों वह इस बुलावे का इंतजार कर रहे थे।

इन दोनों ने कैमरे पर पोज दिए और यह बता दिया कि अगर कोशिश की जाए तो प्यार और दोस्ती का मेसेज भी दिया जा सकता है। इन तस्वीरों की सोशल मीडिया पर तारीफ हो रही हैं। रोचक बात यह है कि जहां नीरज के हाथ में तिरंगा था तो कंधे कंधा मिलाकर तस्वीरें खिंचवा रहे अरशद नदीम खूशी में झूम रहे थे। इस मोमेंट ने उसकी याद दिला दी जब टोक्यो ओलिंपिक में नीरज का भाला छूने की वजह से अरशद विवादों में आ गए थे। उस समय नीरज ने बड़ा दिल दिखाते हुए उनका सपोर्ट किया था और विश्व पटल पर छा गए थे।

तिरंगे का मान रखकर भारत की छाती कर दी चौड़ी

गोल्डन बॉय से इस दौरान एक हंगेरियन महिला फैन मिली, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हंगेरियन महिला ने भारतीय ध्वज पर एक ऑटोग्राफ चाहा। इस पर नीरज ने उसकी रिक्वेस्ट मानने से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में महिला की टी-शर्ट की आस्तीन पर आटोग्राफ दिए। यहां जरूरी बात यह है कि नेशनल फ्लैग पर कुछ भी लिखना या ऑटाग्राफ देना उसका अपमान करना होता है।

उन्होंने गोल्ड जीतने के बाद कहा- मेरे पास अभी भी बहुत कुछ हासिल करना है। ऐसा नहीं है कि मैंने सभी पदक जीत लिए हैं इसलिए मैं आराम करूंगा। मैं हर साल इस सफलता को दोहराना चाहता हूं।उन्होंने आगे कहा- मैं और भी भारतीयों को मेरे साथ पोडियम पर देखना चाहता हूं। यह मजेदार होगा। 25 वर्षीय चोपड़ा ने शुरुआत में एक फाउल किया, लेकिन फिर 88.17 मीटर, 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर के थ्रो हासिल किए।

पाकिस्तान के गत राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन अरशद नदीम ने अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो 87.82 मीटर के साथ रजत पदक जीता, जबकि चेक गणराज्य के याकूब ने कांस्य पदक जीता। उल्लेखनीय है कि भालाफेंक फाइनल में भारत का इस कदर दबदबा था कि शीर्ष छह में तीन भारत के खिलाड़ी थे और ऐसा विश्व चैंपियनशिप में पहली बार हुआ है कि शीर्ष आठ में तीन भारतीय रहे हों। किशोर जेना रविवार की देर रात हुए फाइनल में पांचवें स्थान पर रहे जिन्होंने अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 84.77 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका। वहीं डी पी मनु छठे स्थान पर रहे जिनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 84.14 मीटर का था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *